धनबाद : आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर ” चीन के द्वारा भारतीय सैनिकों पर हुए हमले के खिलाफ” प्रदर्शन किया और शहीदों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी।
मौके पर पार्टी की ओर से कहा गया कि आम आदमी पार्टी पूरे तरीके से देश और भारतीय सेना के साथ है। किसी कीमत पर हमारे सैनिकों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। चीन को मुँहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए और चीन के खिलाफ भारत को सख्त कार्यवाई करनी चाहिए। चीनी सैनिकों के साथ हुई खूनी झड़प में झारखंड के दो जवान – गणेश हांसदा एवं कुंदन ओझा समेत देश के 20 शहीद जवानों को आम आदमी पार्टी की ओर से उनके शौर्य को सलाम करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। केंद्र सरकार पर उन्होंने बार्डर की यथास्थिति पर पारदर्शिता नहीं बरतने एवं घण्टों तक बन्दी बनाये गए हमारे सैनिकों की खबर देश से छुपाने का आरोप भी लगाया।
साथ ही कहा गया कि देश पर अपनी जान न्योछावर करने वाले झारखंड के सपूतों के लिए राज्य सरकार द्वारा पूर्व की रघुवर सरकार की तरह ही 10 लाख रु के सम्मान राशि की घोषणा बहुत ही अनुचित है। यह राशि शहीद के परिवार के भरण पोषण के लिए भी नाकाफी है।
अतः आम आदमी पार्टी यह माँग करती है कि दिल्ली सरकार के तर्ज पर झारखंड में भी शहीदों के परिवार को कम से कम 1 करोड़ रु सम्मान राशि दिया जाए। साथ ही उन्हें एक भू खण्ड सहित पक्का मकान एवं नौकरी प्रदान की जाए।
कार्यक्रम में जिला संयोजक संतोष विश्वकर्मा , राजकुमार सोनी,सुरेन्द्र प्रसाद,भास्कर सुमन, सोवेन बनर्जी , डीएन सिंह,राजकुमार सोनी,अमरेश सिंह,सलाउद्दीन,विकास एम अन्य लोग मौजूद थे।