पेट्रोल-डीजल की कीमत 3 साल के हाईएस्ट लेवल पर पहुंच चुकी है। बुधवार को मुंबई में पेट्रोल 79.48 रु. और दिल्ली में 70.38 रु. लीटर बिका। इससे पहले एक अगस्त 2014 को मुंबई में पेट्रोल की कीमत 80.60 और दिल्ली में 72.51 रु. रही थी। सरकार की स्कीम के मुताबिक, 16 जून से पेट्रोल-डीजल के दाम रोज बदल रहे हैं। तब से पेट्रोल 7.48% और डीजल 7.76% महंगे हो चुके हैं। लेकिन सरकार का कहना है कि वह इसमें दखल नहीं देगी। जीएसटी के दायरे में लाने पर विचार.
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, सरकार रेट तय करने के तरीके नहीं बदलेगी। समय आ गया है कि जीएसटी काउंसिल पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स को भी जीएसटी के दायरे में लाने पर विचार करे। टैक्स कम करने का फैसला फाइनेंस मिनिस्ट्री ही कर सकती है।
बता दें कि पिछले 4 महीने में केंद्र और राज्य सरकारें एक्साइज ड्यूटी के तौर पर 1.13 लाख करोड़ और तेल कंपनियां 17.5 हजार करोड़ रुपए वसूल चुकी हैं।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की 3 वजह
– सरकार के मुताबिक, अमेरिका में हार्वे-इरमा तूफान से क्रूड प्रोडक्शन पर असर पड़ा है। इसलिए क्रूड के दाम 15% तक बढ़ गए।
– हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल 18% और डीजल 20% महंगा हुआ है।
– सितंबर में भारतीय बास्केट क्रूड के दाम 171 रुपए प्रति बैरल यानी 5% बढ़ गए हैं।
1. कच्चा तेल: तीन साल में 46% तक सस्ता हो चुका है कच्चा तेल
– पेट्रोल-डीजल की कीमतें तीन साल में सबसे ज्यादा हो चुकी है। पर इस दौरान कच्चे तेल का भारतीय बास्केट 46% से ज्यादा सस्ता हो चुका है। अगस्त 2014 में क्रूड 6291.91 रु. बैरल था, जो अब घटकर 3392.90 रु. हो चुका है। एक बैरल 159 लीटर के बराबर होता है।
2. पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 126% और डीजल पर 387% तक बढ़ा चुकी है
# पेट्रोल:अगस्त 2014 में एक्साइज ड्यूटी 9.48 रुपए थी। अब 21.48 रुपए प्रति लीटर है। यानी 126% की बढ़त हुई है।
# डीजल:अगस्त 2014 में 3.56 रुपए थी। अब 17.33 रुपए प्रति लीटर है। यानी इसमें 387% का इजाफा हो चुका है।
73 हजार करोड़ रुपए चार महीने में केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी से वसूले।
42 हजार करोड़ रुपए राज्यों ने वैट से वसूले। दोनों मिलाकर 1.15 लाख करोड़।
फायदा: 26.65 रु. के पेट्रोल पर 36.44 रु. टैक्स, 7.29 रु. मार्जिन
ऐसे तय हो रही तेल की कीमत पेट्राेल डीजल
कंपनी की लागत 26.65 26.00
कंपनी का मार्जिन 4.05 4.54
डीलर को बेचा 30.70 30.54
एक्साइज ड्यूटी 21.48 17.33
डीलर का मार्जिन 3.24 2.18
वैट (दिल्ली) 14.96 8.67
खुदरा कीमत 70.38 58.72
(आंकड़े- रुपए प्रति लीटर में)